News88 Network, Chamba : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला मुख्यालय स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कालेज चंबा के सर्जरी विभाग की टीम ने चंबा शहर की एक 50 साल की महिला की सफल सर्जरी करते हुए तीन किलोग्राम की हाइडैटिड सिस्ट निकालने में सफलता पाई है।
ढाई घंटे तक चला आपरेशन
सिस्ट को निकालने में विशेषज्ञों की टीम को करीब ढाई घंटे लगे। चंबा जिला में पहली बार इस तरह का आपरेशन किया गया है। आपरेशन करने वाली टीम में सर्जन डा. अरविंद भाटिया व डा. रोहित सहित एनेस्थीसिया विभाग से डा. सलोनी सूद, डा. मनुज, डा. सुनील व डा. मनिंदर, स्टाफ नर्स बबीता और ओटीए शीतल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लंग्स, लिवर, ब्रेन और हड्डियों में पाया जाता है हाइडैटिड सिस्ट
डा. अरविंद और डा. रोहित ने बताया कि अकसर हाइडैटिड सिस्ट अक्सर लंग्स, लिवर, ब्रेन और हड्डियों में पाया जाता है। जबकि, मात्र दो फीसद लोग ही ऐसे होते हैं, जिनमें हाइडेटिड सिस्ट की समस्या होती है। चंबा शहर निवासी उक्त महिला बीते कई वर्षों से पेट दर्द, भूख कम लगना, कब्ज और पेट में फूलने की समस्या से जूझ रही थी। कुछ दिन पहले महिला उनके पास चिकित्सीय परामर्श के लिए पहुंची थी। इसके बाद अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन आदि टेस्ट करने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि महिला के पेट में हाइडेटिड सिस्ट है। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
इंसानों में इस तरह आती है यह बीमारी
सर्जरी विशेषज्ञ डा. रोहित ने बताया कि हाइडैटिड बीमारी कुत्तों और भेड़- बकरियों में पाई जाती है। इंसानों में ऐसे मामले मिलना दुर्लभ है। जानवरों के मल के संपर्क में आने यह बीमारी इंसानों में फैलती है। इस बीमारी का समय पर उपचार होना बहुत जरूरी होता है।
छह टुकड़ों में निकाली गई हाइ़डैटिड सिस्ट
मेडिकल कालेज चंबा के विशेषज्ञों की टीम ने आपरेशन करके हाइडेटिड सिस्ट के करीब छह टुकड़े निकाले। इसका कुल वजन करीब तीन किलो है। इनमें सबसे बड़ा एक टुकड़ा एक किलो 400 ग्राम का था।सिस्ट पेट में होने के कारण इसे फैलने की काफी जगह मिल गई, जिस कारण इसका आकार समय के साथ बढ़ता रहा। यदि आपरेशन के समय या आपरेशन से पहले सिस्ट किसी कारण से फट जाए तो मरीज की मौत भी हो सकती है। आपरेशन के बाद महिला चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रही है।
क्या कहते हैं मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज चंबा के प्राचार्य डा. पंकज गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कालेज में हाइडेटिड सिस्ट का सफलतापूर्वक आपरेशन किया गया। इसके लिए विशेषज्ञों सहित टीम बधाई की पात्र है।मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।
