हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं(Field employees of Electricity Board will not get leave)। अब बोर्ड कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थिति में ही छुट्टी मिलेगी। विद्युत बोर्ड मंडल चंबा ने यह निर्णय सर्दी के मौसम में आगामी दिनों में भारी बारिश बर्फबारी की आशंका को ध्यान में रखते हुए लिया है।
सर्दी के मौसम में भारी बर्फबारी की आशंका के चलते लिया निर्णय
सर्दी के दिनों में होने वाली बारिश व बर्फबारी को ध्यान में रखते हुए बिजली बोर्ड चंबा ने यह निर्णय लिया है। बोर्ड प्रबंधन ने अपने सभी फील्ड स्टाफ व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। विदयुत बोर्ड चंबा के अधिशाषी अभियंता प्रवेश ठाकुर ने मंडल के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को हर समय बोर्ड मुख्यालय के संपर्क में रहने के आदेश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त दूरसंचार के माध्यम से भी रोजाना क्षेत्र की अपडेट मुख्यालय को भेजने को कहा गया है। ताकि लाेगों को बिजली के बिना अधिक दिनों तक परेशान न होना पड़े।
जिला के इन स्थानों पर होती है भारी बर्फबारी
जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी में हर वर्ष भारी बर्फबारी होती है। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र भरमाैर, होली, चुराह सलूणी के ऊंपरी व माध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक बर्फबारी होती है। पांगी घाटी में तो कई बार मीटर से डेढ़ दो मीटर तक बर्फ गिरती है, जबकि सलूणी, चुराह, भरमौर, डलहौजी खजियार के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कई बार मीटर तक बर्फबारी हाेती है, वहीं माध्यम क्षेत्रों में दो से तीन फीट बर्फबारी होती है। बर्फबारी कम होने की स्थिति में भी इन क्षेत्रों में एक से डेढ़ फीट बर्फ अमूमन गिरती ही है। ऐसे में इन क्षेत्रों में बिजली की तारे टूटने व पोल गिरने सहित अन्य के नुकसान का खतरा अधिक बन रहता है।
क्या कहते हैं बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता
विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता परवेश ठाकुर ने बताया कि सर्दियों में बिजली की खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मर जलने या बर्फबारी से बिजली के खंभे गिरने की संभावना बढ़ जाती है, जिसके मद्देनजर बोर्ड पूर्ण रूप से मुस्तैद है। बोर्ड की ओर से विशेष टीमें भी गठित कर ली हैं। आपात को छोड़ फील्ड स्टाफ व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, ताकि लोगों को बिजली की निर्बाध आपूर्ति की जा सके। उपभोक्ताओं से अपील है कि बिजली की कम खपत करने के साथ बिलों की समय पर अदायगी करने में सहयोग करें।
