बड़ी बहन के साथ जा रही थी स्कूल, ठोकर लगने से जा गिरी 900 मीटर गहरी खाई में

News88 Network, Chamba : हिमाचल प्रदेश(Himachal Pradesh) के चंबा जिला(Chamba District) के उपमंडल भरमौर(Sub division Bharmour) के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत बड़ग्रां में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल जा रही नौवीं कक्षा की छात्रा ठोकर लगने से करीब 900 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिस कारण उसकी मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान वर्षा कुमारी(16) पुत्री सुभाष चंद गांव भदरा ग्राम पंचायत बड़ग्रां उपमंडल भरमौर जिला चंबा के रूप में हुई है। 


school going girl, fell into a 900 meter deep ditch




स्कूल जाते समय ठोकर लगने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक वर्षा कुमारी हर दिन की तरह शुक्रवार सुबह अपने गांव भदरा से अपनी बड़ी बहन व अन्य साथियों के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में पढ़ने के लिए जा रही थी। जब वह भदरा व बन्नी गांव के बीच स्थित एक ढांक में पहुंची तो अचानक पत्थर से ठोकर लगने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि वह संभल पाती, करीब 900 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि अन्य बच्चे बुरी तरह से भयभीत हो उठे। इसके बाद उन्होंने इसके बारे में परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन ग्रामीणों सहित दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण जब गहरी खाई में उतरकर वर्षा कुमारी के पास पहुंचे। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों की ओर से दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई तथा शव को भरमौर अस्पताल लाया गया। जहां पर पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया गया।

हादसे के बाद भयभीत हुए लोग 

दुर्घटना के बाद अब अन्य स्वजन भी बच्चों को मांधा स्कूल भेजने से कतराने लगे हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत बड़ग्रां में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्टाफ की कमी केे कारण यहां के बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा जाना पड़ता है। मांधा स्कूल की भदरा गांव से दूरी करीब तीन किलोमीटर है। यहां तक का सफर बच्चों को पैदल ही करना पड़ता है। पैदल रास्ता तंग, खस्ताहाल व उबड़-खाबड़ होने के कारण हमेशा दुर्घटना का अंदेशा रहता है। जरा सी चूक होने पर बड़ी अनहोनी हो जाती है। 

भाई-बहनों में सबसे छोटी थी वर्षा 

वर्षा अपने माता-पिता की सबसे छोटी बेटी थी। जबकि, इससे बड़ी बहन, जो इसके साथ मांधा स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए जा रही थी। वह 10वीं कक्षा की छात्रा है। जबकि, एक बड़ा भाई व बड़ी बहन 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर रहते हुए अपने माता-पिता का खेतीबाड़ी में हाथ बंटाते हैं। वर्षा के पिता सुभाष चंद मेहनत-मजदूरी व खेती-बाड़ी करके अपना व परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में स्वजनों को ख्वाहिश थी कि उनका बेटा व बेटियां पढ़ लिखकर एक अच्छा मुकाम हासिल कर सके। लेकिन, वर्षा के इस तरह से दुनिया को अलविदा कह जाने के कारण परिवार में मातम पसर गया है।

क्या कहते हैं एसपी 

एसपी चंबा अभिषेक यादव का कहना है कि उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत बड़ग्रां के भदरा गांव की छात्रा की गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने